मेलबर्न : टीम इंडिया ने मेलबर्न में खेले गए बॉक्सिंग डे टेस्ट में आस्ट्रलिया को 8 विकेट से हरा दिया है. भारत की इस जीत के साथ 4 टेस्ट मैच की सीरिज में 1-1 से बराबरी मिल गई है. इस जीत से टीम इंडिया ने पिछले 6 सालों से चले आ रहे बॉक्सिंग डे टेस्ट में न हारने के क्रम को जारी रखा है. भारतीय गेंदबाजो ने AUS की दूसरी पारी को 200 रनों पर सिमित कर दिया. जीत के लिए 70 रन का टारगेट का पीछा करते हुए भारत ने दो विकेट खोकर हासिल कर लिया.
शुभमन गिल ने बिना आउट हुए 35 और कप्तान अजिंक्य रहाणे ने नाबाद 27 रन बनाए. पहली पारी में शतक बनाने वाले भारतीय कार्यवाहक कप्तान अजिंक्य रहाणे को मैन ऑफ द मैच चुना गया. छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने दूसरी पारी में मयंक अग्रवाल 5 और चेतेश्वर पुजारा 3 के विकेट गंवा दिये. इसके बाद हालांकि शुभमन गिल (36 गेंद में 35 रन) और रहाणे (40 गेंद में 27 रन) ने टीम को जीत तक पहुंचाया.
ऑस्ट्रेलिया पारी को समेटने में भारत के लिये जसप्रीत बुमराह ने 27 ओवर में दो और पहला टेस्ट खेल रहे मोहम्मद सिराज ने 21 . 3 ओवर में 37 रन देकर तीन विकेट लिये. दोनों ने सधी हुई गेंदबाजी करते हुए संयम से काम लिया और सपाट पिच पर बहुत प्रयोग की कोशिश नहीं की. रविचंद्रन अश्विन ने 37 . 1 ओवर में 71 रन देकर दो विकेट लिये जबकि रविंद्र जडेजा ने 14 ओवर में 28 रन देकर दो विकेट चटकाये. गेंदबाजों के सयुक्त अच्छे प्रदर्शन ने चोटिल हुए तेज गेंदबाज उमेश यादव की कमी महसूस नही होने दी.

टीम इंडिया की जीत के यह थे हीरो
विराट कोहली की गैरमौजूदगी में अजिंक्य रहाणे ने अपनी कप्तानी से सबको प्रभावित किया. उन्होंने जिस तरह फिल्ड और गेंदबाजो का प्रयोग किया उससे उनकी क़ाबलियत साफ झलक रही थी. उसके बाद बल्लेबाजी में भी कमाल दिखाया था. आस्ट्रलिया के धाकड़ गेंदबाजी क्रम के सामने शतक लगाने से सभी और से उनको सराहना मिल रही है.
रवींद्र जडेजा ने भारत के लिए पहली पारी में 57 रनों की पारी खेली और मैच कुल 3 विकेट भी झटके. उनके ऑलराउंडर प्रदर्शन ने भारत को जीतने में बहुत मदद की.
जसप्रीत बुमराह को खेलना ऑस्ट्रेलिया के लिए सिरदर्द साबित हो रहा है. बुमराह ने पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया के चार विकेट लुढकाए और दूसरी पारी में भी दो विकेट लिए. दूसरी पारी में बुमराह ने जिस तरह स्टीव स्मिथ को बोल्ड किया, उसकी काफी चर्चा हो रही है. बुमराह इस दौरे पर भारत के सबसे सफल तेज गेंदबाज साबित हुए हैं. दो टेस्ट मैचों में अब तक बुमराह 8 विकेट ले चुके हैं. बुमराह के यॉर्कर्स और बाउंसर्स ने ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की नींद उड़ा रखी है.
रविचंद्रन अश्विन की फिरकी ने कंगारुओं को असमंजस में डाले रखा. अश्विन ने मेलबर्न टेस्ट में कुल 5 बल्लेबाजो को पवेलियन की राह दिखाई . एडिलेड में भी उन्होंने 5 विकेट लिए थे. इस तरह अश्विन के नाम दो टेस्ट मैचों में कुल 10 विकेट हैं.
डेब्यू मैच में ही किया प्रभावित
अपने पहले ही टेस्ट में मोहम्मद सिराज ने धमाकेदार प्रदर्शन किया. मेलबर्न टेस्ट की पहली पारी में सिराज ने 2 विकेट प्राप्त किये और दूसरी पारी में 3 विकेट अपनी झोली में डाले. इस तरह मोहम्मद सिराज के नाम मेलबर्न टेस्ट में कुल 5 विकेट हैं. सिराज के पास कमाल की तेजी है और उन्होंने विकेट के सामने अपनी सीधी गेंदों से ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों की नाक में दम किया है.
डेब्यू करने वाले युवा बल्लेबाज शुभमन गिल ने अपनी बल्लेबाजी से सभी का दिल जीत लिया. गिल ने पृथ्वी शॉ की जगह इस मैच में बतौर ओपनर टेस्ट करियर की शुरुआत की थी. शुभमन ने मेलबर्न टेस्ट की पहली पारी में 45 रन और दूसरी पारी में नाबाद 35 रनों की पारी खेलकर कंगारुओं के खिलाफ उनके ही घर में अपना लोहा मनवाया है.
